मेरी पहचान सिर्फ भाजपा से नहीं है - कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन

मेरी पहचान सिर्फ भाजपा से नहीं है - कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन

अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले रुड़की के खानपुर से विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने कहा है कि पंजाब के नवांशहर जाते समय सहारनपुर में दिए गए उनके बयान को अधूरे संदर्भ में तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उन्होंने अपने बयान ‘मेरी पहचान सिर्फ भाजपा से नहीं है’ पर सफाई देते हुए कहा कि उनके कहने का तात्पर्य यह था कि भाजपा के अलावा उनकी अपने समाज में व्यक्तिगत पहचान है।

विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन विगत शुक्रवार को पंजाब के नवांशहर में आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे। सहारनपुर से रवाना होते समय उनका एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह कहते सुनाई दे रहे थे कि उनकी पहचान अपने समाज में विशेष रूप से है। उनकी पहचान केवल भाजपा से ही नहीं है बल्कि शिक्षा और व्यक्तित्व से भी है। 

शनिवार को चैंपियन ने रुड़की स्थित अपने कैंप कार्यालय पर प्रेसवार्ता कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि बयान को अधूरे संदर्भ में प्रसारित किया गया। वे उस भाजपा के समर्पित सिपाही हैं, जो विश्व में सबसे बड़ी है। उनकी राजनीतिक पहचान केवल भाजपा से ही है। उन्होंने वीर गुर्जर सम्राट मिहिर भोज को लेकर कहा कि उन्होंने आठवीं शताब्दी में 50 साल तक राज किया।

अरब की ओर से आने वाले आक्रांताओं को रोककर भारत को सुरक्षित किया। वह भगवान विष्णु के उपासक थे। उन्होंने विष्णु के तीसरे वराह अवतार को अपने नाम से जोड़कर उपाधि ली। इसको लेकर ही उन्होंने सम्राट मिहिर भोज के साथ भगवान विष्णु के वराह अवतार का जिक्र किया.  TNI