हरियाणा में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष की हत्या

हरियाणा में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष की हत्या

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी और उनके सहयोगी कार्यकर्ता की रविवार शाम को बहादुरगढ़ में ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। घटना में गोली लगने से उनके दो सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हमला रविवार की शाम सांखोल बहादुरगढ़ के साथ बराही रोड रेलवे फाटक के पास हुआ। बताया गया कि नफे सिंह अपने सहयोगियों के साथ कार में सवार होकर बराही गांव से लौट रहे थे। वह वहां एक परिवार के सामाजिक समारोह में भाग लेने गए थे। सांखोल के निकट रेलवे फाटक पर अज्ञात हमलावरों ने गाड़ी में बैठे नफे सिंह राठी और उनके सहयोगियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। नफे सिंह कार में आगे चालक के साथ वाली सीट पर बैठे थे।

हमले से उनकी और उनके सहयोगी कार्यकर्ता गांव मांडोठी निवासी जयकिशन दलाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार चालक संजय और संजीत निवासी कबलाना गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर आई-20 कार में सवार होकर आए थे। 50 से ज्यादा गोलियां बरसाई गईं हैं।

मौके पर गोलियों के 18 खोल मिल चुके हैं। गाड़ी पर भी 15 से ज्यादा गोलियों के निशान हैं। कार चालक संजय के हाथ और पैर में गोली लगी है। संजीत को भी शरीर के कई अंगों पर गोलियां मारी गई हैं।

घायलों को शहर के ब्रह्मशक्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के निदेशक और सर्जन डॉ. मनीष शर्मा ने नफे सिंह राठी और जयकिशन की मौत होने की पुष्टि की है।